कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक घर से 57 वर्षीय महिला के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान दक्षायिनी के रूप में हुई है। वह पति और बेटे की मौत के बाद घर में अकेली रह रही थी।
बताया जा रहा है कि महिला के बेटे की बचपन में ही मौत हो गई थी, जबकि कुछ समय बाद उसके पति की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद वह अकेले ही घर में रह रही थी। करीब एक साल से परिवार के अन्य सदस्यों का उससे संपर्क नहीं हुआ था।
जब पुलिस घर पहुंची तो वहां महिला के शव की जगह कंकाल मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत करीब एक साल पहले हुई होगी। हालांकि मौत की सही वजह जानने के लिए जांच और चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।
इस घटना ने शहरों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और सामाजिक दूरी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।