मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के जयसिंहपुरा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपनी बेटी और उसके कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति मनोज सोनी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पत्नी, बेटी और कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मनोज करीब चार महीने से लापता था। परिजनों का आरोप है कि मनोज ने अपनी बेटी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था और इसका विरोध किया था। इसी के बाद कथित तौर पर पत्नी, बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
परिजनों के मुताबिक आरोप है कि मनोज को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। बेहोश होने के बाद उसके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई और शव को अक्रूर के जंगल में दफनाने की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अक्रूर के जंगल और आसपास के इलाके में जेसीबी की मदद से तलाशी अभियान चलाया। जंगल, घाट और घर में भी तलाश की गई, लेकिन फिलहाल शव का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पति के दिल्ली जाने की झूठी कहानी भी बनाई गई और घर में मौजूद कुछ सामान तथा दस्तावेज जलाकर कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।