मथुरा में शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में (Kids and Diabetes in Schools) कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के बीच मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम वाईआरजी मेडिकल एजुकेशनल एंड रिसर्च फाउंडेशन द्वारा सनोफी के सहयोग तथा बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के 56 शिक्षकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को मधुमेह के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही शिक्षकों से अपील की गई कि वे विद्यालयों में बच्चों के बीच स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा दें, उन्हें पौष्टिक भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि भविष्य में मधुमेह जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि शिक्षक बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और स्कूल स्तर पर सही जानकारी देकर कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम में योगदान दे सकते हैं।