वृंदावन के चैतन्य विहार क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में एडवांस राशि को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।
पीड़िता, जो छत्तीसगढ़ की रहने वाली है, ने आरोप लगाया कि उसने जनवरी माह में गेस्ट हाउस संचालन के लिए संचालक को ₹2 लाख 75 हजार की एडवांस राशि दी थी। लेकिन तय संख्या में कमरे नहीं मिलने पर उसने अपनी एडवांस रकम वापस मांगी। आरोप है कि गेस्ट हाउस संचालक लगातार पैसे लौटाने में टालमटोल करता रहा।
बृहस्पतिवार शाम युवती अपने माता-पिता और कोसीकलां निवासी एक दोस्त के साथ रकम लेने गेस्ट हाउस पहुंची। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। युवती का आरोप है कि गेस्ट हाउस संचालक ने उसे थप्पड़ मार दिया। जब उसका दोस्त बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने लाठी से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं पीड़िता ने कोतवाली वृंदावन में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।