राजधानी लखनऊ के किसान पथ (आउटर रिंग रोड) पर गहरू अंडरपास के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर उसमें बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। हाइड्रोलिक कटर और विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जालौन जिले के शैलेंद्र (39) और राजा भैया (35) के रूप में हुई है। दोनों डीसीएम में चालक और क्लीनर थे तथा रिश्ते में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन की नंबर प्लेट के आधार पर मालिक से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी।
हादसे के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और किसान पथ पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।