आगरा। सदर थाना क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में कैफे और मिनी सिनेमा सेंटरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) की सूचना पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर केबिनों से 11 युवक-युवतियों के जोड़े पाए। कार्रवाई के बाद सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया और तीन संचालकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को शिकायत मिली थी कि यहां कुछ कैफे और मिनी सिनेमा सेंटरों में बिना आईडी के युवक-युवतियों को निजी केबिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह, एसीपी ताजगंज और एसीपी LIU की टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई की।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में प्लाई बोर्ड से बने करीब 50 वर्ग फीट के छोटे केबिन मिले। रिपोर्ट के मुताबिक एक घंटे के लिए करीब 500 रुपये लिए जा रहे थे। केबिनों में एसी, बेडनुमा सोफे, कम रोशनी और अंदर से बंद करने की व्यवस्था थी। पुलिस ने मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात कही है।
पुलिस सभी 11 जोड़ों को पूछताछ के लिए सदर थाने ले गई। बाद में युवक-युवतियों के परिजनों को बुलाया गया और आवश्यक पूछताछ व हिदायत के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं संचालकों के खिलाफ लाइसेंस की शर्तों और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक संबंधित कैफे और मिनी सिनेमा सेंटरों के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।