मथुरा ट्रैफिक पुलिस को मिली नई सौगात, 700 और नए जवान संभालेंगे ट्रैफिक की कमान
मथुरा। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख चौक-चौराहों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने शासन को 700 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जिले की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
अतिरिक्त पुलिस बल मिलने के बाद शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और हाईवे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नए ट्रैफिक प्वाइंट बनाए जाएंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी तेज की जाएगी।
वर्तमान में सीमित पुलिस बल के कारण कई ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है। अतिरिक्त जवान मिलने के बाद यातायात पुलिस की ड्यूटी को दो शिफ्टों में संचालित करने की योजना है। इससे पुलिसकर्मियों पर काम का दबाव कम होने के साथ यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी तरीके से संभालने में मदद मिलेगी।
मथुरा-वृंदावन धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर त्योहारों और विशेष अवसरों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल मिलने से इन क्षेत्रों में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था के तहत अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।