मथुरा। किशोरी रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “नशा मुक्ति युवा विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत नशा मुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ ली।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रवीण कुमार अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं से अपने घर, परिवार, रिश्तेदारों, गांव और शहर से लेकर खेत-खलिहानों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने और व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
प्राचार्य प्रोफेसर प्रवीण कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार कौशिक, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नवीन अग्रवाल तथा एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. कपिल कौशिक के निर्देशन में संपन्न हुआ।