मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के धौरेरा जंगल में बुधवार को एक छात्र का गला रेता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोवर्धन थाना क्षेत्र के नीमगांव निवासी विपिन के रूप में हुई है। विपिन संस्कृति विश्वविद्यालय का छात्र था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि छात्र की हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंका गया है।
जानकारी के मुताबिक, विपिन मंगलवार को संस्कृति विश्वविद्यालय गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परेशान परिजनों ने छाता कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार को जैंत क्षेत्र के धौरेरा जंगल में युवक का शव दिखाई देने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई तो वह लापता छात्र विपिन का निकला। छात्र का गला रेता हुआ था, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जैंत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस छात्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विपिन की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस हत्या समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।