मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मथुरा में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 22 शिकायतें सामने आईं, जिनके त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि महिला आयोग में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाता है और उसका शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शिकायतों पर चर्चा कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि जिन मामलों में पुलिस और काउंसलिंग की आवश्यकता है, उनमें दोनों पक्षों की निष्पक्ष सुनवाई कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।
सोशल मीडिया पर महिलाओं को निशाना बनाकर की जाने वाली ट्रोलिंग और अभद्र टिप्पणियों के सवाल पर उन्होंने समाज में जागरूकता और सार्वजनिक सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
वहीं महिला के साथ मारपीट से जुड़े एक वायरल वीडियो के मामले को भी महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। डॉ. चौहान ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।