उत्तर प्रदेश के हाथरस में स्कूली बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चे सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच खड़े होकर जिलाधिकारी से समस्या के समाधान की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं।
मामला हाथरस शहर के नगला अलगरजी रोड का है। यहां लंबे समय से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना गंदे और बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने और कंधे पर बैग लिए बच्चे पानी के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं। बच्चे कैमरे के सामने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से रास्ते की समस्या दूर कराने की अपील करते हैं। उनका कहना है कि उन्हें प्रतिदिन इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जलभराव की समस्या एक-दो दिन की नहीं बल्कि काफी समय से बनी हुई है। लोगों का दावा है कि नगर पालिका में कई बार लिखित शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
बारिश होने के बाद हालात और खराब हो जाते हैं। सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और स्थानीय लोग बीमारी फैलने की आशंका भी जता रहे हैं।
बच्चों की अपील का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। बच्चों की मांग है कि उनके स्कूल जाने वाले रास्ते को साफ और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि उन्हें रोज गंदे पानी से होकर स्कूल न जाना पड़े।
अब वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों की नजर जिला प्रशासन पर है कि जलभराव की इस समस्या से बच्चों और क्षेत्रवासियों को कब तक राहत मिलती है।