फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान में उस समय यात्रियों की सांसें अटक गईं, जब विमान अचानक तेज झटकों की चपेट में आ गया। हवा में विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव हुआ और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया। अचानक लगे झटकों से कई यात्री और चालक दल के सदस्य घायल हो गए। किसी यात्री के कान का पर्दा फट गया तो किसी का कंधा खिसक गया, जबकि कुछ लोगों के सिर और चेहरे पर चोटें आईं।
जानकारी के मुताबिक 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-2379 में यात्रा के दौरान अचानक तेज झटके महसूस किए गए। उस समय विमान में 134 यात्री सवार थे।
अचानक आए झटकों के कारण विमान की ऊंचाई में तेजी से बदलाव हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस दौरान विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों को चोटें आईं।
घायल यात्रियों ने घटना के बाद अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि झटके इतने तेज थे कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। एक यात्री ने कान का पर्दा फटने की बात कही, जबकि दूसरे यात्री के कंधे में गंभीर चोट आई। कुछ यात्रियों के सिर और चेहरे पर भी चोटें देखी गईं।
घटना में कुछ चालक दल के सदस्य भी घायल हुए। एयर इंडिया के मुताबिक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। चोटिल यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चिकित्सा जांच और उपचार के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद चिकित्सा केंद्र ले जाया गया।
राहत की बात यह रही कि झटकों के बावजूद विमान ने दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतराई की और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य विमान से सुरक्षित बाहर निकल गए।
एयर इंडिया ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और घटना से संबंधित जांच में संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग किया जा रहा है।