Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 04 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन में अवैध कॉलोनियों पर गरजा MVDA का बुलडोजर, 22 हजार वर्ग मीटर में हो रहे निर्माण ध्वस्त

गोवर्धन क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। MVDA की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में दो अलग-अलग स्थानों पर विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। दोनों कॉलोनियां मिलाकर करीब 22 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही थीं।

मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन. के निर्देश और सचिव आशीष कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल पुलिस बल के साथ गोवर्धन क्षेत्र में पहुंचा। यहां जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, गेट और अन्य निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।

MVDA से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई छटीकरा रोड से बरसाना बाईपास मार्ग पर की गई। यहां लगभग 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जांच में सामने आया कि कॉलोनाइजर सुरेश जोशी द्वारा बिना अनुमति के सड़क का निर्माण कर जमीन को कॉलोनी के रूप में विकसित किया जा रहा था।

विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से किए गए विकास कार्यों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जा सके।

इसके बाद MVDA की टीम ने मुखराई से नगला पहलवरिया मार्ग पर विकसित की जा रही दूसरी अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की। यहां करीब 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

प्राधिकरण के अनुसार, यहां विजय सिंह द्वारा अवैध रूप से सड़क और गेट का निर्माण कराया गया था। प्रवर्तन दल ने जेसीबी चलाकर सड़क और गेट सहित अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटवा दिया।

मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में जून माह में ही ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिए गए थे। संबंधित लोगों को निर्धारित समय सीमा के अंदर अवैध निर्माण स्वयं हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हटाए गए।

इसके बाद विकास प्राधिकरण ने अपने स्तर से कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों का ध्वस्तीकरण कराया। दोनों स्थानों पर करीब 22 हजार वर्ग मीटर भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

MVDA सचिव आशीष कुमार ने स्पष्ट किया कि गोवर्धन सहित आसपास के क्षेत्रों में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ विकास प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर किए जाने वाले निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान, दिव्यांग बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

Next News

मथुरा के नवादा चौराहे पर पलटा तेज रफ्तार ट्रक, चालक-परिचालक गंभीर घायल