मथुरा। जिले के स्कूली छात्र-छात्राओं को जल्द ही आधुनिक इनडोर स्टेडियम की सौगात मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के तहत माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े छात्र-छात्राओं के लिए खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह स्टेडियम तैयार किया जा रहा है।
मथुरा में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के समीप स्थित ग्राउंड में इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस स्टेडियम के निर्माण पर करीब 4 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत आएगी।
इनडोर स्टेडियम तैयार होने के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं को टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की सुविधाएं मिल सकेंगी। खास बात यह है कि छात्र-छात्राएं यहां निःशुल्क खेल सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार स्टेडियम का निर्माण आवास विकास कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्टेडियम के तैयार होने से मथुरा के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच और आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।