मथुरा/गोवर्धन। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गोवर्धन की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे पंडित नीरज शर्मा ने बसपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पं. नीरज शर्मा ने पार्टी की नीतियों और शीर्ष नेतृत्व में विश्वास जताया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नीरज शर्मा का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
नीरज शर्मा राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बताए गए हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगामी विधानसभा चुनाव में गोवर्धन सीट को लेकर कांग्रेस की रणनीति क्या रहती है और नीरज शर्मा को पार्टी किस तरह की जिम्मेदारी देती है।