मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक परिवार उस समय बाल-बाल बच गया, जब घर के सोफे के अंदर करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला। समय रहते परिवार की नजर सांप पर पड़ गई और तुरंत सर्पमित्र को बुलाया गया। रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
घटना बैतूल के बडोरा स्थित स्काई सिटी कॉलोनी की है। गुरुवार सुबह महेश बोखारे के घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्राइंग रूम में रखे सोफे के अंदर से फुफकार की आवाज सुनाई दी। परिवार ने जब सोफे की जांच की तो उसके भीतर करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा बैठा था। गनीमत रही कि कोई सोफे पर बैठा नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सांप को जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान परिवार और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी ने राहत की सांस ली।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों और घरों में घुस आते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।