Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 29 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बालाजी मंदिर में बड़ी चोरी, दान पेटी समेत नकदी और लाखों के आभूषण ले उड़े चोर

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बृजपुरा गांव स्थित प्रकाटेश्वर बालाजी मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोर मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी, नकदी और भगवान की प्रतिमा पर लगे कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बृजपुरा स्थित प्रकाटेश्वर बालाजी मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और भगवान बालाजी की प्रतिमा पर लगे मुकुट, छत्र, नेत्र, तिलक, भौं, मंजीरा, लाइट सहित अन्य पूजन सामग्री चोरी कर ले गए।

इतना ही नहीं, चोर मंदिर में रखी दान पेटी भी अपने साथ ले गए। दान पेटी में करीब 14 हजार रुपये की नकदी थी। इसके अलावा मंदिर में रखे लगभग सवा लाख रुपये भी चोर समेट ले गए। चोरी की इस घटना से मंदिर समिति और ग्रामीणों को बड़ा झटका लगा है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में इस मंदिर में विशाल यज्ञ का आयोजन हुआ था, जिसके बाद विधि-विधान से बालाजी की प्रतिमा की स्थापना की गई थी। श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर के विस्तार और सौंदर्यीकरण का कार्य भी चल रहा था। ऐसे में चोरी की इस वारदात से पूरे गांव में नाराजगी और दुख का माहौल है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब ग्रामीण मत्थर पटेल सुबह करीब 5:30 बजे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर का ताला टूटा देखा और तुरंत सरपंच आदित्य मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

थाना प्रभारी आशुतोष श्रोतीय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 
 
Previous News

गुरु पूर्णिमा पर मथुरा के आसाराम आश्रम में सत्संग और भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Next News

गौवध मामले में वांछित आरोपी नौहझील पुलिस के हत्थे चढ़ा, पशु क्रूरता अधिनियम में थी तलाश