Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 29 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गुरु पूर्णिमा पर रमणरेती आश्रम में उमड़ा आस्था का सैलाब, संतों और ऋषिकुमारों ने किया गुरु पूजन

महावन स्थित गोकुल-महावन मार्ग के रमणरेती आश्रम में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और गुरु वंदना का भव्य आयोजन हुआ। सुबह से ही आश्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे पहले आश्रम के संतों एवं ऋषिकुमारों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कार्ष्णि गुरुशरणानंद जी महाराज का विधि-विधान से अभिषेक एवं गुरु पूजन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आश्रम परिसर में आध्यात्मिक वातावरण और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

गुरु पूजन के उपरांत देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालु एवं शिष्य अपने गुरु के दर्शन और पूजन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गुरु का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम में दिनभर भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चारण और गुरु महिमा का गुणगान होता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आश्रम के मीडिया प्रभारी हरदेवानंद जी महाराज ने बताया कि प्रातःकाल अभिषेक के बाद संतों एवं ऋषिकुमारों द्वारा गुरु पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए गुरु दर्शन एवं पूजन का क्रम शुरू हुआ, जो लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा सनातन परंपरा में गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण व्यक्त करने का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आश्रम प्रबंधन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के गुरु के दर्शन और पूजन कर सकें। श्रद्धालुओं ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

Previous News

गुरु पूर्णिमा पर गोवर्धन में उमड़ा आस्था का सैलाब, गिरिराज महाराज की परिक्रमा को लाखों श्रद्धालु पहुंचे

Next News

'क्यों नहीं हटाए गए NTA चेयरमैन' - संसद में पेपर लीक बिल पर घमासान जारी, राहुल गांधी के संबोधन पर सबकी नजर