गोवर्धन में आयोजित 470वें मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संभावित आगमन को लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मेला क्षेत्र, राजस्थान सीमा पर स्थित पूछरी और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भंडारे में शामिल होंगे। इस दौरान वे स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को भंडारे का प्रसाद वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
सीएम के आगमन की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पूछरी बॉर्डर, भंडारा स्थल और परिक्रमा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
एसपी, एडीएम और मेला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वहीं राजस्थान पुलिस की टीम भी सीमा क्षेत्र में तैनात की गई है और दोनों राज्यों के प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बनाया जा रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम और मुड़िया पूर्णिमा मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।