Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 27 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
CM-GRIDS योजना के तहत गोविंद नगर फेस-1 सड़क का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

मथुरा। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (CM-GRIDS) के अंतर्गत गोविंद नगर फेस-1 में प्रस्तावित सड़क सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सोमवार को पैदल भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सड़क, फुटपाथ, डिवाइडर और भूमिगत विद्युत लाइन के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत जन्मभूमि गेट संख्या-3 से यादव चौराहा तक सड़क संख्या-1 पर पैदल भ्रमण से की। इसके बाद सड़क संख्या-3 पर यादव चौराहे से पार्षद धर्मेश तिवारी के आवास तक पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फुटपाथ, बोलार्ड और भूमिगत विद्युत लाइन के चैंबरों का अवलोकन किया तथा चैंबर खुलवाकर सातवें डक्ट की स्थिति भी जांची। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अवर अभियंता को निर्देश दिए कि सातवें डक्ट की लाइन की समुचित जांच कर गुणवत्ता के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान 100 फीट रोड पर कुछ भवन स्वामियों द्वारा राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में अतिक्रमण पाए जाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। वहीं जिन भवनों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, उनके संबंध में कर अधिकारियों को नियमानुसार वाणिज्यिक कर निर्धारण करने और प्रावधानों के अनुसार 10 प्रतिशत अतिरिक्त कर लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद नगर आयुक्त ने महाविद्या चौराहे से श्री हरीश राघव के आवास तक सड़क संख्या-1 का भी निरीक्षण किया। यहां कई भवनों के सामने बने रैंप और सीढ़ियां निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं तथा नालों पर अतिक्रमण पाया गया। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवन स्वामियों ने अपनी भवन सीमा से 1.5 मीटर से अधिक क्षेत्र में रैंप या सीढ़ियों का निर्माण किया है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट कहा कि CM-GRIDS योजना के तहत होने वाले सड़क सौंदर्यीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि शहर को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क अवसंरचना उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous News

कार गैराज में लगी भीषण आग, करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां चंद मिनटों में राख

Next News

गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में पेपर लीक का आरोप, WhatsApp पर वायरल हुए 11 सवाल; जांच समिति गठित