सीतापुर। जिले के संदना थाना क्षेत्र में सोमवार को एक खेत में अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पट्टी नेवादा गांव के बाहर देवरी खुर्द के पास स्थित एक मूंगफली के खेत की है। शव मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव पड़ा देखा। युवक का सिर धड़ से अलग था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के खेतों और इलाकों में युवक के कटे हुए सिर की तलाश की जा रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है।
एडिशनल एसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।