बरेली (फरीदपुर)। पवित्र सावन मास और कांवड़ यात्रा को लेकर फरीदपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शिवभक्तों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विदुषी सिंह ने नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ नगर क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन माह शुरू होने से पहले सभी कांवड़ मार्गों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम विदुषी सिंह ने विशेष रूप से मार्ग में लगे जर्जर बिजली के तारों, खराब स्ट्रीट लाइटों और अन्य तकनीकी खामियों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा करते हैं, इसलिए प्रकाश व्यवस्था बेहतर होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से अपने कार्य पूरे करें और यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के सफाई निरीक्षक सुरजीत सिंह चौहान, लिपिक दिलीप कुमार, लिपिक नरेंद्र सिंह सहित पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसडीएम को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि सावन माह में आने वाले हजारों कांवड़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले तथा धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।