मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के बिड़ला मंदिर चौकी अंतर्गत मोहन नगर कॉलोनी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका की पहचान गौरी उदयवार के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से महिला के मकान का दरवाजा बंद था। सोमवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने महिला के दामाद मनीष कुमार को सूचना दी। दामाद के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मकान का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर कमरे में बुजुर्ग महिला मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतका डायबिटीज से पीड़ित थीं और लंबे समय से बीमारी का इलाज चल रहा था। प्रथम दृष्टया मामला बीमारी के कारण हुई स्वाभाविक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कॉलोनी में शोक और चर्चा का माहौल है।