Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 26 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया मेले में भांग बनी मुसीबत, एक दर्जन श्रद्धालुओं की बिगड़ी तबीयत, कई जिला अस्पताल रेफर

गोवर्धन में चल रहे मुड़िया पूर्णिमा मेले से एक बड़ी खबर सामने आई है। परिक्रमा के दौरान भांग का सेवन करने से करीब एक दर्जन श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

गोवर्धन में आयोजित राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिक्रमा कर रहे करीब एक दर्जन श्रद्धालुओं की भांग का सेवन करने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग में कहीं भांग का सेवन किया था। इसके बाद राधाकुंड परिक्रमा मार्ग पर उन्हें चक्कर, घबराहट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थित स्वास्थ्य शिविर में तैनात मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद कुछ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीमार हुए अधिकांश श्रद्धालु मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं, जबकि कुछ श्रद्धालु राजस्थान और आगरा के भी बताए जा रहे हैं।

प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मेले में आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें और तबीयत खराब होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य शिविर या पुलिस से संपर्क करें।

Previous News

मुड़िया मेला: श्रद्धालुओं की सेवा में रेलवे अलर्ट, 350 आरपीएफ जवान और 175 कर्मचारियों की तैनाती

Next News

CJP के बाद अब 'E20 जनता पार्टी' की एंट्री, 100% शुद्ध पेट्रोल का विकल्प देने की उठी मांग