Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 25 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मुड़िया पूर्णिमा मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बम निरोधक दस्ता अलर्ट, बस स्टैंड पर हुई सघन चेकिंग

गोवर्धन। विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) सक्रिय हो गया है और पूरे मेला क्षेत्र में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

बम निरोधक दस्ते की टीम ने मेले के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तुओं की गहन तलाशी ली। सार्वजनिक स्थलों, दुकानों, परिक्रमा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रखे सामान की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

वहीं, गोवर्धन बस स्टैंड परिसर में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों ने बस स्टैंड पर मौजूद श्रद्धालुओं और यात्रियों के बैगों की तलाशी ली तथा उनसे आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की। सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परिक्रमा मार्ग, दानघाटी मंदिर, प्रमुख मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार की जा रही है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि मेले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Previous News

मुड़िया पूर्णिमा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रतिबंध के बावजूद दंडोती परिक्रमा करते दिखे श्रद्धालु

Next News

रमणरेती आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, 28 से 31 जुलाई तक होगा गुरु-शिष्य मिलन