उत्तराखंड के वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) में BTech सेमेस्टर परीक्षा के पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर ऐसे प्रश्न साझा किए, जो बाद में प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में गोपनीयता भंग होने की पुष्टि के बाद Machine Learning for Internet of Things और Electromagnetic Field Theory विषयों की दो BTech परीक्षाएं रद्द कर दी गईं। दोनों परीक्षाएं अब अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी। आरोपी प्रोफेसर को विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा संबंधी कार्यों से 7 वर्षों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित नेटवर्क शामिल था या नहीं।