उत्तर प्रदेश के उन्नाव में ट्रैफिक चालान को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर चालान कटने से नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास किया। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस ने एक थ्री-व्हीलर का चालान किया था। चालक का आरोप है कि बिना किसी वजह के उसका चालान काट दिया गया। इसी बात से नाराज होकर वह पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उसने अपने पास रखा तेल निकालकर खुद पर उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश करने लगा।
चालक की हरकत देखते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी और होमगार्ड तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया और आग लगाने से रोक दिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद पुलिस चालक को गंगाघाट कोतवाली ले गई, लेकिन वहां भी उसने विरोध जारी रखा। कभी वह थाने के बाहर जमीन पर लेट गया तो कभी पुलिस पर अन्याय करने का आरोप लगाता रहा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चालक को समझाइश देने के बाद छोड़ दिया गया है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग विरोध के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कई लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।