Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 23 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ऑनलाइन पेमेंट में देरी पर पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

झांसी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन पेमेंट में कुछ सेकंड की देरी एक पेट्रोल पंप कर्मचारी के लिए भारी पड़ गई। मामूली बात पर कार सवार दो युवकों ने सेल्समैन के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरी पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन भुगतान को लेकर विवाद हिंसक हो गया। जानकारी के मुताबिक, कार सवार दो युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे। इसी दौरान ट्रांजैक्शन कन्फर्म होने में कुछ सेकंड की देरी हुई, जिससे दोनों युवक भड़क उठे।

बताया जा रहा है कि भुगतान की पुष्टि में हुई मामूली देरी के बाद दोनों युवकों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन से पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने सेल्समैन की गर्दन पकड़ ली और उसे थप्पड़ व घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

मारपीट के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि जाते-जाते दोनों युवकों ने सेल्समैन को जान से मारने की धमकी भी दी और कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।

यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

पीड़ित सेल्समैन ने पूंछ थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 
 
Previous News

बहराइच में रिश्तों का कत्ल: बेटे ने कुल्हाड़ी से मां की बेरहमी से हत्या, गांव में मचा हड़कंप

Next News

कोसीकलां में गौ तस्करों का दुस्साहस: चौकीदार की कनपटी पर तमंचा रख गौशाला से 10-12 गौवंश ले गए