महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे फ्लाईओवर पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से आ रही तीन बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तत्काल इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही तीन बाइकों से टकरा गया। दुर्घटनाग्रस्त कार पर "Advocate" लिखा हुआ था, हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह केवल वाहन की पहचान का हिस्सा है और हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और शांतिनगर पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।