नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा की हालत में अब सुधार हो रहा है। दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल की ओर से जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार छात्रा को वेंटिलेटर सपोर्ट से हटा दिया गया है। वह पूरी तरह होश में है, खुद से सांस ले रही है और डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रही है।
बताया गया कि छात्रा 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सिर में चोट लगने के बाद उसे गंभीर अवस्था में RML अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की एमआरआई और अन्य जांच रिपोर्ट सामान्य आई हैं। उसकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति पहले की तुलना में बेहतर है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, उसे अभी कुछ समय तक अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
इस घटना के बाद छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने पुलिस पर अत्यधिक बल प्रयोग का आरोप लगाया है, जबकि मामले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में भी याचिकाएं दाखिल की गई हैं।