मथुरा-वृंदावन नगर निगम के स्वच्छता अभियान के दावों की उस समय पोल खुल गई, जब बारिश के बाद रंगनाथ मंदिर के समीप नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। हालात ऐसे बन गए कि देश-विदेश से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। इससे नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
ये तस्वीरें वृंदावन के रंगनाथ मंदिर के पास की हैं, जहां हल्की बारिश के बाद ही नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल गया। सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मथुरा-वृंदावन नगर निगम और जिला प्रशासन ने वृंदावन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई के बड़े-बड़े दावे किए थे। सोशल मीडिया पर अभियान की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए गए थे। लेकिन बारिश के बाद सामने आए हालात इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। उनका कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
वृंदावन विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से ठाकुर बांके बिहारी और अन्य मंदिरों के दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में सड़कों पर फैली गंदगी और नाले का पानी न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को प्रभावित करता है, बल्कि नगर निगम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करता है।