उत्तर प्रदेश के महोबा में एसडीएम सदर पर एक अधिवक्ता से अभद्रता और धमकी देने के आरोप को लेकर वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला अधिवक्ता समिति के बैनर तले अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर आरोपी एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महोबा कलेक्ट्रेट में जिला अधिवक्ता समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम सदर ने फोन पर एक अधिवक्ता से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कोर्ट में न आने देने के साथ-साथ वकालत का लाइसेंस निरस्त कराने की धमकी दी।
पीड़ित अधिवक्ता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपी एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी अधिकारी को तत्काल हटाने की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एसडीएम कोर्ट का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बिजली कनेक्शन काटे जाने के एक अन्य मामले को भी अधिवक्ताओं ने उठाया और प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
मौके पर पहुंचे एडीएम सुखबीर ने अधिवक्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लंबित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। फिलहाल अधिवक्ता प्रशासनिक कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं और जल्द निर्णय न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।