उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की बीबी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए पीतल के घंटे, शेर-मोर की मूर्तियां, डीवीआर, तांबे के तार, नकदी, स्कूटी, कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान, हाशिम, शाहिल, अनस, फरदीन, अय्यान, फिरोज और इनाम के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना सलमान एग्रीमेंट पर टैक्सी चलाने के बहाने अलग-अलग इलाकों में रेकी करता था और सुनसान स्थानों की जानकारी जुटाता था।
रेकी पूरी होने के बाद गिरोह के सदस्य मंदिरों, बंद मकानों, ट्यूबवेल और अन्य स्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए पीतल के घंटे, शेर और मोर की मूर्तियां, डीवीआर, तांबे के तार, नकदी, एक स्कूटी, एक कार, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है और इनके खिलाफ पहले भी कई थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
बीबी नगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।