दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र स्थित स्वरूप कॉलोनी में रविवार सुबह एक इवेंट मैनेजमेंट के सामान से भरे गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर 15 फायर टेंडर रवाना किए और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 6:42 बजे मिली थी। गोदाम में बड़ी मात्रा में इवेंट मैनेजमेंट का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पास की एक इमारत तक पहुंच गई। हालांकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ी चुनौती इलाके की संकरी और पतली गलियां रहीं। दमकल की बड़ी गाड़ियों को मुख्य सड़क पर रोककर छोटी गाड़ियों के जरिए आग बुझाने का काम किया गया। कई घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें कूलिंग ऑपरेशन चला रही हैं ताकि आग दोबारा न भड़के। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।