मथुरा। थाना बलदेव पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, तीन मोटरसाइकिलें, एक इन्वर्टर, बैटरी, बिजली के केबल, विद्युत मोटर, नकदी, छह मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 19 जुलाई की देर रात 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर ग्राम हथौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान चोरी की घटनाओं में वांछित सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा उर्फ गुड्डू, नरेश, मौसिम और आशीष को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक शिफ्ट वाहन, एक एक्साइड सोलर ट्यूब्यूलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इन्वर्टर, तीन मोटरसाइकिलें, एक विद्युत मोटर, करीब 36 मीटर बिजली के केबल, एक सिल्वर तार पर लिपटा केबल, 3,240 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन तथा एक .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार कई आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और विद्युत अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में बलदेव पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।