मथुरा की थाना राया पुलिस ने गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक शातिर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थाना राया पुलिस ने मु0अ0सं0 226/2026 में वांछित तीन आरोपियों हरेन्द्र, सुमित और करन सिंह को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, हरेन्द्र को राया-बलदेव रोड पर धर्मपुरा की ओर निर्माणाधीन कॉलोनी के पास से पकड़ा गया, जबकि सुमित को मुखबिर की सूचना पर ककरेटिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तीसरे आरोपी करन सिंह को सर्विस रोड पीएनसी के पास से दबोचा गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाशी के दौरान दो .315 बोर के तमंचे, एक देशी 12 बोर पोनिया और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हरेन्द्र का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों सहित 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।