मथुरा में रेलवे की चौथी लाइन निर्माण परियोजना के चलते शनिवार को रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक लिया गया। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए, जबकि कुछ ट्रेनें घंटों तक मथुरा जंक्शन पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे प्रशासन मथुरा से कोसीकलां के बीच चौथी रेलवे लाइन के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने में जुटा है। इसी क्रम में भूतेश्वर रेलवे स्टेशन और नए बस स्टैंड के समीप रेलवे पुल पर भी निर्माण कार्य चल रहा है। इन कार्यों के चलते शनिवार को रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक लिया गया।
ब्लॉक के कारण जीटी एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, केरल एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को अलवर-रेवाड़ी मार्ग से डायवर्ट कर गंतव्य की ओर रवाना किया। वहीं कुछ ट्रेनों को मथुरा जंक्शन पर लंबे समय तक रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ब्लॉक मथुरा-कोसीकलां के बीच चौथी रेलवे लाइन निर्माण कार्य को गति देने के लिए लिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम और तेज़ हो सकेगा।