Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 18 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
राजस्थान पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 350 टीमों की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 803 बदमाश गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए जयपुर रेंज में एक ही दिन में 803 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत की गई।

अभियान के लिए 1,519 पुलिसकर्मियों की 350 विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने 2,062 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 80 नए मुकदमे दर्ज किए गए और 95 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 130 साइबर अपराध हॉटस्पॉट और गैंगों के ठिकानों पर छापेमारी कर 56 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 7 मामलों में एफआईआर दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर, इनामी बदमाश, महिला अपराधों में वांछित आरोपी, स्थायी वारंटी और गैंगस्टरों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 501 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 119 गिरफ्तारी वारंटों की तामील, 26 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी और 5 इनामी अपराधियों को भी पकड़ा गया।

अवैध हथियार और नशे के कारोबार पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 2 देशी कट्टे, एक पिस्टल और 3 कारतूस बरामद किए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 15 ग्राम स्मैक और 142 ग्राम अफीम जब्त की गई। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 32 मामले दर्ज कर 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की गई।

जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि अपराधियों, साइबर गैंग और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे।

Previous News

राजस्थान में गोवंश संरक्षण योजना में 57 करोड़ का घोटाला! AG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Next News

महाराष्ट्र में दर्दनाक घटना: शिक्षक ने दो मासूम बच्चों के साथ की आत्महत्या उठे कई सवाल