दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कंझावला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 44 वर्षीय दीपक की मौत के मामले में SUV चालक सागर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई हत्या थी।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 जुलाई की है। दीपक अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे, तभी आरोपी सागर ने अपनी SUV से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दीपक सड़क पर गिर गए, लेकिन आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय उनके ऊपर SUV चढ़ा दी। इतना ही नहीं, उसने वाहन को पीछे करके दूसरी बार भी उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि टक्कर के बाद दीपक की स्कूटी SUV में फंस गई थी, जिसके कारण वाहन उन्हें और स्कूटी को कुछ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद पुलिस ने SUV को जब्त कर लिया और आरोपी सागर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है, हालांकि वारदात के पीछे की वजह को लेकर वह अलग-अलग बयान दे रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बदलते बयानों के कारण हत्या के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।