पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन स्थित राजारहाट इलाके में एक किराए के कमरे में हुए संदिग्ध क्रूड (देसी) बम विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। धमाके में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना राजारहाट के साउथ नारायणपुर इलाके की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो लोग एक बैग लेकर किराए के कमरे में पहुंचे और उसे वहां छोड़कर चले गए। उनके जाने के कुछ ही मिनट बाद जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के दो कमरों को भी नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके के समय कमरे के अंदर मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कमरे से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। CCTV फुटेज के आधार पर बैग रखने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैग में क्या था, विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी। साथ ही विस्फोटक सामग्री के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।