Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 17 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन की सील अवैध कॉलोनी में निर्माण - सील के कुछ घंटों बाद फिर शुरू हुआ निर्माण, MVDA की कार्रवाई पर उठे सवाल

गोवर्धन में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को जिस अवैध कॉलोनी को एमवीडीए ने सील किया था, उसी कॉलोनी में कुछ घंटों बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

गोवर्धन के जतीपुरा रोड स्थित हरेकृष्णा रेजीडेंसी नामक कथित अवैध कॉलोनी को गुरुवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित किए जाने के आरोप में सील कर दिया था। लेकिन कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद कॉलोनी में दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एमवीडीए की टीम सीलिंग की कार्रवाई पूरी कर लौट गई थी, जिसके कुछ समय बाद ही मजदूरों ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में निर्माण गतिविधियां होती हुई दिखाई दे रही हैं।

बताया जा रहा है कि यह कॉलोनी जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित केला देवी मंदिर के पास विकसित की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाए हैं कि यदि सील की गई कॉलोनी में दोबारा निर्माण हो रहा है तो आखिर इसकी जिम्मेदारी किसकी है और किसके संरक्षण में यह काम कराया जा रहा है।

वहीं इस पूरे मामले पर एमवीडीए के जूनियर इंजीनियर अनिल सिंघल ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में सील तोड़कर निर्माण कार्य किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सील को दोबारा मजबूत कर मौके पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।

Previous News

500 साल पुरानी 3 हजार किलो की ऐतिहासिक तोप चोरी, किले की सुरक्षा पर उठे सवाल

Next News

जैत पुलिस ने 651 ग्राम गांजे के साथ शातिर तस्कर को दबोचा, आरोपी पर 16 मुकदमे दर्ज