फतेहपुर में जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शासकीय कार्यहित में छह उपजिलाधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स द्वारा जारी आदेश के अनुसार पिनाक पाणि द्विवेदी को नवागत उपजिलाधिकारी के रूप में एसडीएम सदर नियुक्त किया गया है। वहीं अनामिका श्रीवास्तव, जो अब तक एसडीएम सदर थीं, उन्हें उप जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसील सदर बनाया गया है।
इसके अलावा अश्वनी पाण्डेय को एसडीएम खागा तथा निशान्त तिवारी को एसडीएम बिंदकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के तहत प्रियंका, अपर उप जिलाधिकारी द्वितीय कलेक्ट्रेट, को उनके वर्तमान पद के साथ उप जिलाधिकारी (न्यायिक), बिंदकी का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं संजय कुमार से बिंदकी का अतिरिक्त प्रभार वापस लेते हुए उन्हें केवल उप जिलाधिकारी (न्यायिक), खागा के पद पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।