उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सरकारी एंबुलेंस में लखनऊ ले जाए जा रहे 8 महीने के मासूम की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस स्टाफ ने बच्चे को कथित तौर पर जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन दे दी, जिससे कुछ ही मिनटों में उसका शरीर फूल गया और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्चे के पिता के अनुसार, उनका बेटा पिछले कई दिनों से बुखार और दस्त से पीड़ित था। मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर किया था। आरोप है कि एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस कर्मियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।