प्रयागराज में एक युवक द्वारा यमुना नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रेमिका से विवाद के बाद युवक नए यमुना पुल पर पहुंचा और नदी में कूदने से पहले अपना एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक ने नदी में छलांग लगाने से पहले एक भावुक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका का जिक्र किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और नए यमुना पुल के नीचे यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।