मध्य प्रदेश के शाजापुर में पुलिस को छह साल पुराने पत्नी हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। पत्नी की हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कई राज्यों में पहचान बदलकर रह रहा था।
शाजापुर पुलिस ने छह साल पुराने चर्चित पत्नी हत्याकांड का खुलासा करते हुए फरार आरोपी ललित पंचोली को तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि थाना लालघाटी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2020 को आरोपी ने शाजापुर के विजयनगर स्थित किराए के मकान में अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया था और लगातार अपनी पहचान बदलकर पुलिस से बचता रहा।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में अलग-अलग पहचान के साथ रह रहा था। पुलिस ने लगातार तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए उसकी सटीक जानकारी जुटाई।
इसके बाद शाजापुर पुलिस की विशेष टीम तमिलनाडु पहुंची और कांचीपुरम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।