अयोध्या के रूदौली क्षेत्र में कूढ़ा सादात मार्ग पर 12 जुलाई को सड़क किनारे झाड़ियों में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बाराबंकी के असन्द्रा थाना क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय देवेंद्र कुमार वर्मा के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अभियान 'त्रिनेत्र' के सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि देवेंद्र और उनकी पत्नी शुभांगिनी वर्मा के बीच जमीन अपने नाम कराने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान शुभांगिनी के विपिन वर्मा से प्रेम संबंध हो गए।
पुलिस का आरोप है कि 11 जुलाई को शुभांगिनी और उसके प्रेमी विपिन ने देवेंद्र को अयोध्या घुमाने के बहाने बुलाया। रास्ते में दोनों ने कथित तौर पर हथौड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।