उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महाराजपुर थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महेश नाम का युवक अपनी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर थाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवक अपनी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई न होने से नाराज था और पुलिस पर लगातार दबाव बना रहा था। इसी दौरान उसने अचानक अपने साथ लाया हुआ केरोसिन खुद पर छिड़क लिया और देखते ही देखते माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
युवक को आग की लपटों में घिरा देख थाना प्रभारी जनार्दन सिंह और वहां मौजूद पुलिसकर्मी बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। पुलिसकर्मियों ने कपड़े और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक और झुलसे पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महेश और उसकी पत्नी पूनम के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। एक दिन पहले ही पत्नी ने महेश के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी से नाराज होकर महेश थाने पहुंचा था और पत्नी पर भी कार्रवाई की मांग कर रहा था। पुलिस उसे समझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अचानक उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना के बाद पूरे थाने में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के अनुसार, युवक और झुलसे पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक अपने साथ केरोसिन थाने के भीतर कैसे ले आया और घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं।