मथुरा में जयगुरुदेव मंदिर के सामने बने ओवरब्रिज पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्प्लेंडर बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जयगुरुदेव मंदिर के सामने स्थित हाईवे ओवरब्रिज पर एक स्प्लेंडर बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जुट गई।
राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना एंबुलेंस का इंतजार किए दोनों घायलों को अपनी बाइकों से तत्काल मथुरा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।