मथुरा/कोसी कलां। कोसी कलां के बिश्लोकर मोहल्ले में पिछले 16 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बिजली संकट से परेशान दर्जनों महिलाओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। लंबे समय से बिजली न होने के कारण मोहल्ले में पीने के पानी और दैनिक उपयोग के पानी का भी गंभीर संकट पैदा हो गया है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक परेशान हैं।
महिलाओं ने बताया कि वे पहले अपनी शिकायत लेकर एसडीओ कार्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें एक्सईएन कार्यालय भेज दिया गया। लेकिन एक्सईएन कार्यालय पहुंचने पर अधिकारी मौजूद नहीं मिले और उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका धरना-प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
फिलहाल इस मामले में विद्युत विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली संकट के कारण उनकी दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।