राजस्थान के कोटा में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुन्हाड़ी थाने में तैनात एएसआई वेद प्रकाश पर आरोप है कि फ्री खाना और डिस्काउंट नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने देर रात एक रेस्टोरेंट पर पत्थर फेंक दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले रेस्टोरेंट संचालकों से फ्री भोजन और डिस्काउंट को लेकर एएसआई का विवाद हुआ था। इसके बाद वह कथित तौर पर वर्दी का रौब दिखाते हुए रेस्टोरेंट की जांच करने भी पहुंचे थे। बाद में 5 जुलाई की रात वह अपनी निजी कार से रेस्टोरेंट पहुंचे और पत्थर फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कार के मॉडल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने एएसआई वेद प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच डीएसपी पूनम चौहान को सौंपी गई है।
हालांकि, एएसआई वेद प्रकाश ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि घटना के समय वह रेस्टोरेंट के पास नहीं गए थे और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई गलत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।